खगड़िया का 138वां ऐतिहासिक गोपाष्टमी मेला इस बार अपने आयोजन से कहीं ज्यादा ‘कार्ड पॉलिटिक्स’ और ‘अफसरशाही बनाम जनप्रतिनिधि’ के टकराव को लेकर सुर्खियों में रहा। एक तरफ जहां अधिकारियों ने इस भव्य आयोजन से जनप्रतिनिधियों को पूरी तरह बेदखल करने की कोशिश की, तो वहीं दूसरी तरफ सांसद के कड़े तेवर के बाद प्रशासन को घुटने टेकने पड़े। रातों-रात डैमेज कंट्रोल हुआ और नया निमंत्रण पत्र छपा, जिसमें अधिकारियों के नाम हटाकर जन प्रतिनिधियों को पूरा सम्मान दिया गया। हालांकि, इस पूरे सियासी और प्रशासनिक ड्रामे का क्लाइमैक्स तब हुआ, जब प्रशासन के झुकने के बाद भी मुख्य अतिथि बनाए गए सांसद राजेश वर्मा अपनी व्यस्तताओं के चलते उद्घाटन समारोह में पहुंचे। अंततः खगड़िया सदर के विधायक बबलू मंडल ने फीता काटकर इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, खगड़िया
विवाद की जड़ को सबसे पहले समझना जरूरी है। विवाद तब शुरु हुआ जब पहले कार्ड से माननीयों के नाम गायब हुए। पूरे विवाद की शुरुआत गोपाष्टमी मेला-2026 के पहले आमंत्रण पत्र के सार्वजनिक होने के साथ हुई। 17 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस मेले के पहले निमंत्रण कार्ड में श्री गौशाला कमेटी और प्रशासन ने सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों (DM, SP, DDC) को ही तरजीह दी थी। जिले के सांसद, चारों विधायक और विधान पार्षदों का नाम कार्ड से पूरी तरह गायब था। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की इस खुली अनदेखी ने राजनीतिक हलके में भूचाल ला दिया।
सांसद का कड़ा ऐतराज और प्रशासन का बैकफुट पर आना
मामला तूल पकड़ते ही खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन बताते हुए सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य मंचों से प्रशासन की इस मनमानी पर सीधा प्रहार किया। सांसद के इस रौद्र रूप और बढ़ते राजनीतिक दबाव को देख खगड़िया प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में खगड़िया के अनुमंडल पदाधिकारी (सह-पदेन अध्यक्ष श्री गौशाला कमिटी) हरकत में आए। एसडीओ ने 16 नवंबर को श्री गौशाला कमिटी के सचिव को एक आधिकारिक पत्र (पत्रांक- 2993) जारी किया। इसमें उन्होंने अपनी गलती मानते हुए सख्त निर्देश दिया कि कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में अविलंब बदलाव किया जाए और सांसद एवं विधायकगण को सादरपूर्वक मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाए।
रातों-रात छपा नया कार्ड
प्रशासन के इस ‘यू-टर्न’ के तुरंत बाद कमेटी ने एक नया निमंत्रण पत्र जारी किया। इस नए कार्ड से पूरा प्रशासनिक अमला हटा दिया गया और जनप्रतिनिधियों को उनका उचित सम्मान मिला। सांसद राजेश वर्मा को मुख्य अतिथि का दर्जा दिया गया। वहीं, कोशी स्नातक के विधान पार्षद एन. के. यादव, खगड़िया-बेगूसराय के विधान पार्षद राजीव कुमार, जिले के चारों विधायकों सदर विधायक बबलू मंडल, बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल, अलौली विधायक रामचन्द्र सदा और परबत्ता विधायक बाबुलाल शौर्य को विशिष्ट अतिथि बनाया गया। इसके अलावा जिला परिषद अध्यक्ष और नगर परिषद सभापति को भी सम्मानजनक स्थान दिया गया। इस घटना ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया कि अधिकारियों के लिए चुने हुए प्रतिनिधियों को दरकिनार कर मनमानी करना अब आसान नहीं है।
मंच तैयार था, लेकिन नहीं पहुंचे सांसद
17 नवम्बर की शाम जब गोपाष्टमी मेले के उद्घाटन का समय आया, तो सभी की निगाहें मुख्य अतिथि सांसद राजेश वर्मा पर टिकी थीं। प्रशासन झुक चुका था और मंच पूरी तरह से माननीयों के लिए सज चुका था। लेकिन अपनी पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं और अन्य जरूरी कार्यक्रमों के कारण सांसद राजेश वर्मा उद्घाटन समारोह में शिरकत नहीं कर सके। पूरा प्रशासन सुबह से ही सांसद के मान-मनव्वल में जुटा रहा। उनकी अनुपस्थिति में, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और खगड़िया सदर से विधायक बबलू मंडल ने आगे आकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
































