बिहार के खगड़िया में अफसरशाही का ऐसा चेहरा सामने आया है जिसने सीधे तौर पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को चुनौती दे दी है। 138वें गौशाला मेले के निमंत्रण पत्र से जिले के चारों NDA विधायकों को पूरी तरह ‘गायब’ कर दिया गया है, जबकि उद्घाटन से लेकर विशिष्ट अतिथि तक की हर कुर्सी पर प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद कब्जा जमा लिया है। प्रशासन के इस रवैये पर खगड़िया सांसद राजेश वर्मा भड़क उठे हैं और उन्होंने कड़ा तंज कसते हुए कहा है- ‘वाह रे अफसरशाही… जिसके हाथ में कुर्सी, वही बन बैठा सर्वशक्तिमान!’”
न्यूज स्कैन ब्यूरो, खगड़िया:
जिले में एक बार फिर अफसरशाही और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने स्थानीय प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया है। विवाद का मुख्य कारण श्री गौशाला कमेटी द्वारा आयोजित होने वाला 138वां ‘गोपाष्टमी मेला-2026’ है। इस मेले के निमंत्रण पत्र में सांसद व स्थानीय विधायकों को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है, जिस पर सांसद ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
निमंत्रण पत्र में सिर्फ अधिकारियों का दबदबा
मेले के आयोजन के लिए छपे आमंत्रण पत्र में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पूरा कार्यक्रम अधिकारियों के इर्द-गिर्द सिमट गया है। 17 नवम्बर 2026 को होने वाले इस मेले के उद्घाटनकर्ता के रूप में जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर और पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह का नाम अंकित है। वहीं विशिष्ट अतिथियों की सूची में उप विकास आयुक्त श्रीमती श्रेयाश्री और अपर समाहर्त्ता श्री पुष्पेश कुमार को रखा गया है। कार्ड पर अनुमंडल पदाधिकारी का नाम पदेन अध्यक्ष के रूप में दर्ज है। पूरे कार्ड में जिले के किसी भी चुने हुए जनप्रतिनिधि या विधायक का नाम तक नहीं है।

सांसद राजेश वर्मा ने फेसबुक पर जाहिर की नाराजगी
इस रवैये से नाराज खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट लिखकर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने लिखा- “वाह रे अफसरशाही, तेरा भी क्या कहना! खगड़िया गौशाला मेले के आयोजन में जिले के चारों NDA विधायकों को निमंत्रण नहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि को सम्मान नहीं!” उन्होंने प्रशासन पर तंज कसते हुए आगे लिखा कि चूँकि सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौशाला समिति के पदेन अध्यक्ष हैं, इसलिए उद्घाटनकर्ता भी प्रशासनिक पदाधिकारी, मुख्य अतिथि भी प्रशासनिक पदाधिकारी और विशिष्ट अतिथि भी प्रशासनिक पदाधिकारी ही हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों के हिस्से में शायद सिर्फ दर्शक दीर्घा में बैठकर तालियां बजाना ही रह गया है।
लोकतांत्रिक मर्यादा और प्रोटोकॉल का हनन
सांसद ने स्पष्ट किया कि यह केवल उद्घाटन करने का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादा का सवाल है। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा, “न प्रोटोकॉल का ध्यान, न जनप्रतिनिधियों के सम्मान का ज्ञान, जिसके हाथ में प्रशासनिक कुर्सी, वही बन बैठा सर्वशक्तिमान!”
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
सांसद ने ध्यान दिलाया है कि गौशाला मेला कोई विशुद्ध सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक सार्वजनिक और सामाजिक आयोजन है, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सम्मान आवश्यक है। मेले की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन का काम है, लेकिन आयोजनों पर पूरी तरह से कब्जा जमा लेना और प्रोटोकॉल को ताक पर रख देना प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सांसद के इस पोस्ट के बाद अब खगड़िया के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
































