खगड़िया में पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला और हास्यास्पद मामला सामने आया है। इस बीच राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए भानू प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटा दिया है, लेकिन उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस का एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जो ‘चाटुकारिता’ की मिसाल है। खगड़िया के मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने निवर्तमान एसपी भानू प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह के खिलाफ एक ऐसी एफआईआर दर्ज कराई है, जिसकी कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत और हास्यास्पद प्रतीत होती है।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, खगड़िया
यह पूरी कार्रवाई प्रथमदृष्टया एक थानाध्यक्ष द्वारा अपने वरिष्ठ अधिकारी (एसपी) की ‘कृपा’ और ‘गुड बुक’ में जगह पाने की कोशिश नजर आती है। मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह द्वारा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी को दिए गए आवेदन पर यह एफआईआर (कांड संख्या- 151/26) दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि 3 और 4 नवंबर 2026 को पूजा सिंह ने एसपी के सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरना देकर महत्वपूर्ण कार्यालयों का आवागमन बाधित किया। अपनी स्वामिभक्ति साबित करने की होड़ में थानाध्यक्ष ने इस एफआईआर में एक निहत्थी महिला पर भारी पुलिस बल के बीच सर्विस पिस्टल छीनने का बेतुका आरोप मढ़ दिया है। एफआईआर में हास्यास्पद तरीके से लिखा गया है कि हटने के लिए कहने पर पूजा सिंह ने थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया और कहा, “मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो”।

थानाध्यक्ष की इस कहानी का सबसे हास्यास्पद पहलू वह है, जिसमें पूजा सिंह के दूर-दराज रहने वाले परिजनों को फंसाने के लिए साजिश रची गई है। एफआईआर में यह बेतुका दावा किया गया है कि पूजा सिंह ने खुद पुलिस को बताया कि उन्हें उनकी मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर ने वहां भेजा था और निर्देश दिया था कि जब तक बात न मानी जाए, एसपी आवास के सामने से नहीं हटना है। यह तर्क किसी के भी गले नहीं उतरता कि कोई व्यक्ति खुद पुलिस को अपने पूरे परिवार का नाम लेकर उनके खिलाफ कहानी बनाएगा।
एसपी को खुश करने की इस अजीबोगरीब कोशिश में खगड़िया पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा और पंजाब के नवांशहर में रहने वाले परिजनों समेत कुल 7 लोगों को नामजद करते हुए 4 नवंबर 2026 को BNS की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर न सिर्फ खगड़िया पुलिस की साख पर बट्टा लगाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे एक पारिवारिक मामले में पुलिस तंत्र का इस्तेमाल कर हास्यास्पद और फर्जी कहानियां गढ़ी जा रही हैं।
































