Bihar STET 2026 : बिहार में शिक्षक बनने का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी, 17 अगस्त से शुरू होंगे एसटीईटी के ऑनलाइन आवेदन

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 के लिए आवेदन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने जानकारी दी है कि एसटीईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू कर दी जाएगी। राज्य के जो भी अभ्यर्थी 9वीं से 12वीं कक्षा तक के शिक्षक बनना चाहते हैं, वे इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
मिली जानकारी के मुताबिक 14 अगस्त को शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। शिक्षा विभाग से परीक्षा आयोजित करने की आधिकारिक सहमति मिलने के बाद बिहार बोर्ड ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से बताया गया है कि परीक्षा के आयोजन, सिलेबस और अन्य नियमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी 14 अगस्त तक समाचार पत्रों में विज्ञापन के जरिए जारी कर दी जाएगी।

दो पेपर के लिए होगी परीक्षा
एसटीईटी की परीक्षा मुख्य रूप से दो स्तरों के लिए आयोजित की जाती है :
पेपर-1 (Paper 1): यह परीक्षा कक्षा 9वीं और 10वीं (माध्यमिक) के स्कूलों में शिक्षक बनने की पात्रता के लिए होती है।
पेपर-2 (Paper 2): यह परीक्षा कक्षा 11वीं और 12वीं (उच्च माध्यमिक) के स्कूलों में शिक्षक बनने की पात्रता के लिए ली जाती है।

शिक्षक भर्ती के लिए क्यों जरूरी है STET?
बिहार के सरकारी स्कूलों में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक बनने के लिए एसटीईटी पास होना अनिवार्य शर्त है। जो अभ्यर्थी इस पात्रता परीक्षा को पास करते हैं, केवल वे ही राज्य में होने वाली शिक्षक नियुक्ति परीक्षाओं (जैसे- बीपीएससी शिक्षक नियुक्ति परीक्षा) में बैठने के योग्य माने जाते हैं।

11 महीने बाद आए आवेदन, 2025 में पास हुए थे 2.56 लाख अभ्यर्थी
आपको बता दें कि एसटीईटी 2026 के लिए आवेदन करीब 11 महीने बाद मांगे जा रहे हैं। इससे पहले एसटीईटी 2025 परीक्षा के लिए पिछले साल 19 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच आवेदन लिए गए थे। पिछली बार यह परीक्षा 29 विषयों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में हुई थी, जिसमें कुल 2.56 लाख अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे।