बिहार के बहुचर्चित रिशुश्री टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का शिकंजा और कस दिया है। इसी कड़ी में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर तीसरे समन के बाद बुधवार को पटना स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे करीब छह घंटे तक मैराथन पूछताछ की गई। इससे पहले एजेंसी ने उन्हें 30 अक्टूबर और 11 नवंबर को भी तलब किया था, लेकिन प्रशासनिक व्यस्तता और निजी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने समय मांग लिया था।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
व्हाट्सअप चैट में ‘भैया’ संबोधन और निजी आवास के काम पर ईडी ने सवाल पूछे। सूत्रों के अनुसार, छह घंटे की इस पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने आनंद किशोर के सामने करीब 25 तीखे सवाल रखे। जांच एजेंसी ने ठेकेदार रिशुश्री के मोबाइल से बरामद कथित वाट्सऐप चैट और डिजिटल दस्तावेजों के आधार पर पूछा कि रिशुश्री उन्हें कैसे जानते थे और चैट में उन्हें ‘भैया’ कहकर क्यों संबोधित करते थे। इसके अलावा, ईडी ने साहिल सिन्हा के बयान का हवाला देते हुए यह भी सवाल किया कि रिशुश्री की कंपनी ‘रिलायबल ग्रुप’ द्वारा आईएएस अधिकारी के निजी आवास पर बिना टेंडर कराए गए कथित निर्माण कार्य का भुगतान किस मद से किया गया था।
नमामि गंगे, बुडको और नगर विकास विभाग के टेंडरों की पड़ताल
पूछताछ का बड़ा हिस्सा नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको (BUDCO) में आनंद किशोर के कार्यकाल के दौरान आवंटित हुए टेंडरों पर केंद्रित रहा। ईडी ने उनसे विशेष रूप से नमामि गंगे और बुडको की परियोजनाओं से जुड़े निम्नलिखित पहलुओं पर उनका पक्ष जाना।
रिशुश्री से उनकी पहली मुलाकात कब और किन परिस्थितियों में हुई थी?
नमामि गंगे और बुडको की किन परियोजनाओं में रिशुश्री से जुड़ी कंपनियों को काम मिला?
क्या किसी खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तों या तकनीकी प्रक्रिया में बदलाव किया गया था?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आनंद किशोर ने दावा किया कि सभी ठेके तय नियमों और प्रक्रिया के तहत ही आवंटित किए गए थे। हालांकि, कई अन्य सवालों पर उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं होने का हवाला देते हुए जवाब टाल दिया।
ट्रांसफर-पोस्टिंग और 25 लाख रुपये के आरोप से साफ इनकार
ईडी ने पूछताछ के दौरान पूर्व नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी के हलफनामे और बयानों को भी सामने रखा। चौधरी ने आरोप लगाया था कि सीतामढ़ी नगर निगम का अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए रिशुश्री ने कथित तौर पर उच्च स्तर पर 25 लाख रुपये पहुंचाए थे और डिजिटल चैट में इसे लेकर तत्कालीन डीएम से सिफारिश किए जाने का भी जिक्र है। जांच एजेंसी ने पूछा कि एक निजी ठेकेदार की प्रधान सचिव स्तर तक इतनी गहरी पहुंच कैसे थी और वह ट्रांसफर-पोस्टिंग में दखल कैसे रखता था। हालांकि, आनंद किशोर ने इन सभी आरोपों से साफ इनकार कर दिया।
पहले 5 अन्य IAS से हो चुकी है पूछताछ, 27 नवंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई
गौरतलब है कि सरकारी ठेकों में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के इस मामले में 28 मई को टेंडर मैनेज करने के आरोपित रिशुश्री की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े नाम सामने आए थे। इस मामले में रिशुश्री समेत चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईडी ने इस प्रकरण में कुल छह आईएएस अधिकारियों को नोटिस जारी किया था। आनंद किशोर से पहले एजेंसी आईएएस अभिलाषा कुमारी शर्मा, योगेश कुमार सागर, संतोष कुमार मल्ल, धर्मेंद्र कुमार और सुनील यादव से भी पूछताछ कर चुकी है।
इससे पहले 15 अक्टूबर को रिशुश्री की याचिका पर सुनवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की थी कि रिशुश्री केवल ‘मोहरा’ है और असली किंगपिन पर्दे के पीछे हैं। इस मामले में हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होनी है, जिस पर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।
































