दिलीप जायसवाल ने पूर्णिया में लगाया जननायक की उपाधि पर सियासी ‘चोरी’ का आरोप

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र नेताओं के दौरे तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल आज पूर्णिया पहुँचे, जहाँ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

“जननायक की उपाधि चोरी कर रहे हैं राहुल और तेजस्वी”
दिलीप जायसवाल ने अपने बयान में कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत जननायक कर्पूरी ठाकुर के घर से कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव उसी जननायक की उपाधि को “चोरी” कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “राहुल और तेजस्वी वोट चोरी का मुद्दा उठाने निकले थे, लेकिन बिहार आकर जननायक की उपाधि ही चोरी कर ली। बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।”

वक्फ़ बिल पर तेजस्वी को घेरा
तेजस्वी यादव द्वारा यह कहे जाने पर कि जीतने के बाद वह वक्फ़ बिल फाड़ देंगे, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “अभी चुनाव का समय है। वह कई तरह की जुमलेबाज़ी करेंगे।
सवाल ये है कि इतने दिनों तक क्यों नहीं बोले?
जनता सब समझती है।” जायसवाल ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता चुनावी मैदान में मुद्दों से ज़्यादा बयानों पर चल रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार बिहार के विकास के ठोस एजेंडे पर काम कर रही है।

प्रधानमंत्री के दौरे का पूरा शेड्यूल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार के कई जिलों में जनसभाएँ करेंगे
30 अक्टूबर को मुज़फ्फरपुर और छपरा में जनसभाएँ,
2 नवंबर को नवादा और आरा में रैलियाँ और उसके बाद पटना में रोड शो।
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार को जो सौगातें दी हैं और डबल इंजन की सरकार में जिस तरह विकास हुआ है,
उसे देखते हुए जनता इस बार भी एनडीए को पूर्ण बहुमत देगी।