न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
इंटरमीडिएट स्तरीय वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा के प्रथम दिन सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से जिला स्कूल, भागलपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस क्रम में परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्न-पत्र वितरण की प्रक्रिया, उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, केंद्र में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था के साथ-साथ विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षक एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने केंद्र पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
डीएम व एसएसपी ने जिला स्कूल परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण: इंटर परीक्षा को निष्पक्ष व कदाचारमुक्त कराने के दिए निर्देश
































