तेजस्वी यादव से मिले शेख जियाउल हसन, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर दी बधाई

  • संगठन की आगामी रणनीति पर हुई चर्चा, भागलपुर आगमन का दिया आमंत्रण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नाथनगर विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी एवं पार्टी के नेता शेख जियाउल हसन ने पटना स्थित 10 सर्कुलर आवास पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं नवनियुक्त राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शेख जियाउल हसन ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के उपरांत शेख जियाउल हसन उर्फ़ जेड हसन ने कहा कि तेजस्वी यादव के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से राष्ट्रीय जनता दल में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। पार्टी अब नए नेतृत्व और नई ताकत के साथ आगे बढ़ेगी तथा अपने शिखर की बुलंदी को छुएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी को लगातार चुनावी सफलताएं मिलीं, लेकिन हालिया चुनाव में उन्हें मिशनरी ताकत के जरिए मुख्यमंत्री बनने से रोका गया।
शेख जियाउल हसन ने विश्वास जताया कि अब पार्टी की कमान तेजस्वी यादव के हाथों में आने से नौजवानों, छात्रों, युवकों और युवतियों में नया जोश और ऊर्जा आएगी, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में तेज़ी आएगी और पार्टी को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर शेख जियाउल हसन ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव को भागलपुर आने का आमंत्रण दिया। आमंत्रण स्वीकार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वे शीघ्र ही भागलपुर जिले का दौरा करेंगे और वहां के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, जिला उपाध्यक्ष तारिक खान, मेराज अख्तर चांद, राजद सबौर प्रखंड अध्यक्ष सुमन यादव, जगदीशपुर प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद कौसर, शिशुपाल भारती, अफजल हुसैन, अरविंद यादव, पवन यादव, युवा राजद जिला अध्यक्ष बसारुल हक, धनेश्वर मंडल, नाथनगर प्रखंड प्रमुख दुर्गा दयाल यादव, राजद विधि प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष कपिल यादव, आतीष यादव, अभिजीत यादव, भावेश यादव, सचिदा यादव, छात्र राजद के पूर्व प्रवक्ता आशुतोष यादव समेत कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।