न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को सैंडिस मैदान में जिला प्रशासन एकादश एवं नागरिक एकादश के बीच आयोजित 20-20 फैंसी क्रिकेट मैच में प्रशासन एकादश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नागरिक एकादश को 27 रनों से पराजित किया।
मैच का टॉस भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने किया। टॉस जीतकर नागरिक एकादश की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। प्रशासन एकादश की पारी की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बल्लेबाजी करते हुए की।
निर्धारित 20 ओवरों में प्रशासन एकादश की टीम ने 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 94 रनों की बेहतरीन पारी खेली और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागरिक एकादश की टीम प्रशासन एकादश की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 156 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार प्रशासन एकादश ने मुकाबला 27 रनों से अपने नाम किया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं बेस्ट फील्डर का पुरस्कार वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद को प्रदान किया गया। बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार जिला परिवहन पदाधिकारी को मिला।


































