सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग में कोसी प्रमंडल स्तरीय चार दिवसीय उमंग का शुभारंभ

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग के खेल मैदान में गुरुवार को कोसी प्रमंडल स्तरीय चार दिवसीय उमंग 2026 का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के द्वारा 15 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कोसी प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग, सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज तथा बी.पी. मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा के कॉलेज स्तरीय उमंग 2026 के विजेता छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं। इस वर्ष कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग 2026 की मेज़बानी सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, एवं, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, तारकेश्वर पटेल उपस्थित रहे। साथ ही प्रो. आर.सी. प्रसाद, प्राचार्य, सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज तथा श अरविंद कुमार अमर, प्राचार्य, बी.पी. मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग के प्राचार्य डॉ. ए.एन. मिश्रा ने सभी अतिथियों का उपहार भेंट कर स्वागत किया।
उमंग 2026 के प्रथम दिन के कार्यक्रम की शुरुआत सभी कॉलेजों के प्राचार्यों, नोडल ऑफिसरों एवं मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात एनएसएस क्लब द्वारा भव्य परेड एवं मशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों में उत्साह का संचार किया। अपने संबोधन में डीडीसी सारा अशरफ ने इस प्रकार के खेल आयोजनों के लिए डीएसटीटीई का धन्यवाद करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ अब हर स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। वहीं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल ने छात्रों को इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सभी कॉलेजों के प्राचार्यों एवं नोडल ऑफिसरों ने बारी-बारी से अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर उमंग 2025 के राज्य स्तरीय विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात सभी प्राचार्यों एवं मुख्य अतिथियों द्वारा उमंग 2026 का बैनर होस्टिंग किया गया तथा रिबन काटकर एवं राष्ट्रगान के साथ खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन स्पोर्ट्स क्लब द्वारा क्रिकेट, कैरम, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं दूसरी ओर एनएसएस क्लब द्वारा दौड़ एवं रिले प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कॉलेजों के कॉलेज स्तरीय उमंग के विजेता प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ए.एन. मिश्रा ने कहा कि कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग 2026 के विजेता छात्र-छात्राएँ एवं प्राध्यापक आगे राज्य स्तरीय उमंग 2026 में भाग लेंगे और कोसी प्रमंडल का नाम गौरवान्वित करेंगे। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सैक इंचार्ज आनंद प्रकाश, अर्जुन कुमार महतो, मोहम्मद वारिस सेनान, मोहर पाठक, आशीष आनंद, नंदन कुमार राजू, शादाब सिद्दीकी, पंकज कुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह, रौशनी सुमन सहित सभी प्राध्यापकों एवं विभिन्न क्लबों के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।