न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के आलोक में कैमूर जिले में आज से ‘भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा’ की विधिवत शुरुआत की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर इस जागरूकता अभियान का उद्घाटन किया गया। यह पखवाड़ा 15 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में आयोजित किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जीवन रक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करना है। प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन ने बताया कि कैमूर जिला भूकंपीय क्षेत्र (Seismic Zone)–III में आता है, जिसे मध्यम जोखिम वाला क्षेत्र माना गया है। ऐसे में पुरानी इमारतों और असुरक्षित निर्माण के कारण संभावित नुकसान को पूर्व-तैयारी और सही जानकारी के माध्यम से काफी हद तक कम किया जा सकता है।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष अभियान
भूकंप सुरक्षा पखवाड़े के तहत 16 से 28 जनवरी 2026 तक जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सघन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता, नारा लेखन, साथ ही प्रभात फेरी और मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को जागरूक करने के साथ-साथ उनके माध्यम से आपदा प्रबंधन का संदेश घर-घर तक पहुँचाना है। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर को सौंपी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस
प्रशासन द्वारा केवल शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा संदेश पहुँचाने के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है—
राजमिस्त्री प्रशिक्षण (17–22 जनवरी): प्रखंड स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं राजमिस्त्रियों को भूकंप रोधी भवन निर्माण की तकनीकी जानकारी दी जाएगी, जिसमें ईंट, सीमेंट, बालू और छड़ के सही उपयोग पर विशेष जोर होगा।
नुक्कड़ नाटक (17–28 जनवरी): सभी अंचलों में स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर मनोरंजन के माध्यम से आपदा से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
फिल्म प्रदर्शन (15–28 जनवरी): आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त लघु फिल्मों एवं जागरूकता सामग्री का प्रदर्शन नगर परिषद और नगर पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इसका प्रचार-प्रसार जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भूकंप से सुरक्षा संबंधी उपायों का फ्लैक्स, व्हाट्सएप ग्रुप, विजुअल्स और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालयों के बच्चों को इसकी विस्तृत जानकारी दी जाए ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें। उन्होंने आम जनता से भी भूकंप से सुरक्षा के उपायों को जानने और उन्हें व्यवहार में लाने की अपील की।
आपातकालीन हेल्पलाइन
किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन संचालन केंद्र (DEOC) द्वारा निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं—
हेल्पलाइन: 101, 112
जिला आपातकालीन केंद्र (कैमूर): 06189-222080
जिला प्रशासन कैमूर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पखवाड़े के दौरान आयोजित मॉकड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
“सतर्क रहें, तैयारी करें और सुरक्षित रहें” के संदेश के साथ ही भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम किया जा सकता है।
बिहार में ‘भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा’ का शुभारंभ, 15 से 28 जनवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान

































