न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय कॉलेज स्तरीय उमंग 2026 का सफल समापन मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने पूरे कॉलेज परिसर को खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और उत्साह से सराबोर कर दिया। उमंग 2026 के अंतिम दिन स्पोर्ट्स क्लब के द्वारा कबड्डी एवं जैवलिन थ्रो जैसी रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं एनएसएस क्लब द्वारा 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ एवं रिले दौड़ प्रतियोगिताएँ कराई गईं, जिनमें कॉलेज के छात्र–छात्राओं के साथ-साथ प्राध्यापकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही सांस्कृतिक क्लब द्वारा गायन एवं डम्ब कैरेड जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विजेता प्रतिभागियों को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी विजेता प्रतिभागी आगामी कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग में भाग लेंगे।
इस पाँच दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य डॉ ए एन मिश्रा, सैक इंचार्ज आनंद प्रकाश, अर्जुन कुमार महतो, मोहम्मद वारिस सेनान, जय कुमार, मोहर पाठक, आशीष आनंद, डॉ. चंद्रशेखर सहित सभी प्राध्यापकगण एवं विभिन्न क्लबों के सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।
उमंग 2026 का यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच देने में सफल रहा, बल्कि छात्रों के भीतर खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग को भी मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
































