SDO के एक आदेश से थमा बुलडोजर, 28 साल पुराने भूमि विवाद में प्रशासन को लगानी पड़ी ब्रेक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर में प्रशासन का बुलडोजर अचानक बेबस नज़र आया, जब सदर एसडीओ विकास कुमार के हस्तक्षेप से चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई को 15 दिनों के लिए रोकना पड़ा। मामला महात्मा गांधी रोड स्थित सिविल सर्जन कंपाउंड का है, जहां करीब 28 साल पुराने भूमि विवाद में कोर्ट के आदेश पर कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी।
कार्रवाई की शुरुआत होते ही दो बुलडोजर मैदान में उतरे और देखते ही देखते पांच दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, दुकानदारों में दहशत और आक्रोश साफ नजर आने लगा। हालात बिगड़ते देख प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सदर एसडीओ विकास कुमार खुद मौके पर पहुंचे और कानून-व्यवस्था को सर्वोपरि बताते हुए तत्काल कार्रवाई पर रोक लगा दी। एसडीओ ने दो टूक कहा कि शांति भंग होने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और अब इस मामले में कोई भी कदम न्यायालय के अगले आदेश के बिना नहीं उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि यह भूमि विवाद 1998 से अदालतों में उलझा हुआ है और फिलहाल मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में प्रशासनिक जल्दबाज़ी पर उठ रहे सवालों के बीच एसडीओ का यह आदेश बुलडोजर की रफ्तार पर करारा ब्रेक साबित हुआ है।
अब सवाल यह है कि जब मामला हाईकोर्ट में लंबित है, तो कार्रवाई की इतनी हड़बड़ी क्यों? और क्या आगे फिर चलेगा बुलडोजर या अदालत देगी अंतिम फैसला? फिलहाल, 15 दिनों के लिए पूरा मामला ठहराव में चला गया है, लेकिन जमीन पर तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।