छातापुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक परिवार का आशियाना खाक

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के चुन्नी पंचायत के वार्ड दो में शुक्रवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने की घटना हुई। इस हादसे में एक परिवार का पूरा आशियाना खाक हो गया। आग की चपेट में आने से एक आवासीय सहित कुल दो घर जलकर राख हो गए।आग लगने की घटना में दो मवेशी और आधा दर्जन बकरियों की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित गृहस्वामी मो. रुस्तम घर से सामान बाहर निकालने के प्रयास में घायल हो गया । घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अंचल कार्यालय एवं छातापुर थाना में आवेदन देकर सहायता की गुहार लगाई है। वहीं पशुओं की मौत के बाद मुआवजे के लिए पशु चिकित्सालय में भी आवेदन सौंपा गया है।पीड़ित मो. रुस्तम ने बताया कि देर रात बिजली से अचानक आग लगने पर नींद से जागे और पूरे परिवार के साथ घर से बाहर निकलकर किसी तरह जान बचा सके। इस आगजनी में अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत सभी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।घटना की सूचना पर पशु चिकित्सालय से डॉ. तेजस कुमार कर्मियों व एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। मृत दो मवेशियों और आधा दर्जन बकरियों का पोस्टमार्टम किया गया। पशु चिकित्सालय की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मुआवजे के लिए आवेदन करने की सलाह दी गई है।पीड़ित परिवार ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना के बाद उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।