न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
दुर्गावती थाना अंतर्गत एंटी रोमियो टीम ने मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले चौराहों और स्कूल–कॉलेज के आसपास व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों से पूछताछ करते हुए अनावश्यक रूप से चौराहों पर खड़ा होने और बिना कारण बाजारों में घूमने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
अभियान के दौरान महिला पुलिस बल ने बाजार आने वाली महिलाओं और स्कूल–कॉलेज की छात्राओं से बातचीत की। उन्हें हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और आपातकालीन नंबर 112—की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
दुर्गावती थाना प्रभारी गिरीश कुमार ने कहा कि “महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है और ऐसे अभियान लगातार चलाकर महिलाओं व छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है।”
एंटी रोमियो टीम के इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा का सकारात्मक माहौल बना है। स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता भी बढ़ी है, जिससे छेड़खानी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। पुलिस ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।



























