न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) ने विद्युत वितरण क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के उपयोग पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी विशिष्ट प्रस्तुति से देशभर में पहचान बनाई।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 06-07 दिसंबर को REC लिमिटेड के आयोजन में विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत यह सम्मेलन हुआ। देशभर से प्राप्त 195 आवेदनों में से केवल 51 प्रतिष्ठानों को चयनित किया गया, जिसमें SBPDCL भी शामिल रही।
सम्मेलन में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री (विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा) श्रीपद येसो नाईक और विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
सम्मेलन की मुख्य थीम थी: “स्मार्ट, दक्ष एवं सतत् विद्युत वितरण के लिए AI/ML का उपयोग”। इसमें वितरण कंपनियों में AI/ML के प्रयोग, स्मार्ट मीटरिंग एवं डेटा एनालिटिक्स, AI/ML आधारित प्रौद्योगिकी समाधान और होम ऑटोमेशन/IoT समाधानों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
SBPDCL इस सम्मेलन में एकमात्र सरकारी कंपनी थी, जिसे स्थल पर प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित करने का अवसर मिला। कंपनी की टीम ने बिहार पावर सेक्टर में AI/ML के अनुप्रयोग, ग्रिड ऑप्टिमाइजेशन, स्मार्ट मीटरिंग और डेटा एनालिटिक्स पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इससे ऊर्जा दक्षता, ग्रिड विश्वसनीयता और उपभोक्ता सेवा में सुधार की संभावनाएँ और बढ़ेंगी।
SBPDCL के प्रतिनिधियों में पुरुषोत्तम प्रसाद – मुख्य अभियंता (वाणिज्य), विनीत कुमार – EEE (मीटरिंग), भूपेन्द्र उमराव – EEE (स्मार्ट मीटरिंग), प्रियंका सिंह – DBA और सुमित कुमार – सीनियर मैनेजर (राजस्व – स्मार्ट मीटरिंग) शामिल थे।
SBPDCL ने राष्ट्रीय AI और ML सम्मेलन में दिखाया दम, देश की 51 चुनिंदा संस्थाओं में शामिल

































