हरदी दुर्गा स्थान में वीर लोरिक महोत्सव 9 से 11 दिसंबर तक, विभिन्न विभागों को स्टॉल आवंटित

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर प्रखंड के हरदी दुर्गा स्थान मंदिर प्रांगण में 9 से 11 दिसंबर तक वीर लोरिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों के व्यापक प्रसार के उद्देश्य से विभागीय स्टॉल लगाए जाने हैं। इसके लिए जिलाधिकारी के आदेश पर कुल 20 स्टॉलों का आवंटन विभिन्न विभागों को कर दिया गया है।जारी सूची के अनुसार जिला परिवहन कार्यालय को सड़क सुरक्षा एवं एमएमआरवाय, जिला उद्योग केंद्र को कौशल विकास एवं ग्रामीण विपणन, स्वास्थ्य विभाग को सुषमा स्वस्थ्य केंद्र, पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री पशुधन योजना, जबकि कृषि विभाग को मखाना उत्पादन, जैविक खेती तथा कृषि यांत्रिकीकरण जैसे विषयों पर स्टॉल संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को सोलर किट एवं स्मार्ट मीटर, जिला कल्याण कार्यालय को मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति एवं छात्र क्रेडिट कार्ड, तथा उद्यमिता एवं श्रम विभाग को कौशल प्रशिक्षण एवं अन्य योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने का निर्देश दिया गया है। कला संस्कृति विभाग द्वारा मिथिला पेंटिंग आधारित स्टॉल लगाया जाएगा।जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने स्टॉल 7 दिसंबर तक तैयार करने तथा 9 दिसंबर की सुबह 9 बजे तक पूर्ण रूप से कार्यशील स्थिति में रखने का आदेश दिया गया है। महोत्सव के अंतिम दिन 11 दिसंबर की शाम 10 बजे तक स्टॉल संचालित किए जाएंगे।महोत्सव की तैयारी एवं समन्वय का दायित्व उप-समाहर्ता को दिया गया है, जो सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्टॉल प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन द्वारा इस आदेश को सभी संबंधित कार्यालयों को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।