भारत स्काउट और गाइड का स्थापना दिवस व मतदाता जागरूकता अभियान हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारत स्काउट और गाइड का स्थापना दिवस शुक्रवार को पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चंपा देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शेरमारी पीरपैंती और माउंट कार्मेल स्कूल, भागलपुर — दोनों संस्थानों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शेरमारी स्थित चंपा देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह का संचालन विद्यालय प्रधान एवं गाइड कैप्टन जया मल्लिक के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्काउट-गाइड के आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रंगोली और पेंटिंग के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। छात्राओं ने संदेश दिया कि “मतदान लोकतंत्र का उत्सव है, इसमें सभी की भागीदारी अनिवार्य है।”

वहीं, माउंट कार्मेल स्कूल, भागलपुर में भी भारत स्काउट और गाइड स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गाइड कैप्टन स्मिता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या, सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाएँ और छात्राएँ मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर स्काउट-गाइड के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और सेवा भावना का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जिला संगठन आयुक्त (स्काउट), भागलपुर विपिन कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जगाते हैं, बल्कि उन्हें सशक्त और सजग नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।