प्रमोद कुमार, कैमूर
भभुआ (कैमूर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कैमूर जिले के भभुआ शहर स्थित एस.वी.पी. कॉलेज मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद “ईडी गठबंधन” (राजद-कांग्रेस गठजोड़) का भ्रम पूरी तरह से टूट चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव शुरू होते ही ये लोग फूलों के गुब्बारे की तरह फूले हुए थे, लेकिन पहले चरण के मतदान ने उनका भ्रम का गुब्बारा फोड़ दिया है। जनता ने इनकी औकात दिखा दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता जानती है — राजद के आने का मतलब जंगलराज की वापसी। उन्होंने लोगों से अपील की कि “इनके झांसे में मत आइए। राजद और कांग्रेस के नेताओं के लिए जनता नहीं, सिर्फ परिवार का भला मायने रखता है। ये लोग बिहार की जनता की नहीं, अपने घर-परिवार की चिंता करते हैं।”
‘अयोध्या नहीं जाते क्योंकि बुद्धि भ्रष्ट होने का लगता है डर’
प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक दोनों अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। उन्होंने कहा कि “उन्हें डर है कि अगर वे दर्शन करेंगे तो उनका वोट बैंक खिसक जाएगा। ये लोग प्रभु श्रीराम को नहीं मानते, छठ पर्व नहीं मनाते और बिहार की आस्था को समझने में असमर्थ हैं।”
‘मोकरी के चावल से लगता है श्रीराम का भोग’
भाषण के दौरान मोदी ने कैमूर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का विशेष उल्लेख करते हुए कहा, “भभुआ के मोकरी गांव का चावल भगवान श्रीराम के भोग में लगता है। यह कैमूर और बिहार के लिए गर्व की बात है कि यहां की मिट्टी और अन्न से प्रभु श्रीराम की आराधना होती है।” उन्होंने कहा कि आज मोकरी का चावल देशभर में आस्था का प्रतीक बन चुका है।
‘आपका राशन और रोजगार घुसपैठियों को नहीं देंगे’
राजद और कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब सरकार ने वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की तो ये दोनों दल विरोध में खड़े हो गए। ये चाहते हैं कि आपके हिस्से का राशन, रोजगार और अनाज घुसपैठियों को दिया जाए। लेकिन मैं साफ कहता हूं — आपका हक किसी भी हालत में हम किसी घुसपैठिए को नहीं देने देंगे।”
करकटगढ़ से खत्म हुआ माओवाद, अब बन रहा पर्यटन केंद्र
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कैमूर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल करकटगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि “2005 से पहले यह इलाका माओवादियों के आतंक से कांपता था। लेकिन अब वहां शांति और विकास की हवा बह रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने वहां सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं दीं। आज करकटगढ़ में सैकड़ों पर्यटक पहुंच रहे हैं। कैमूर अब अपराधमुक्त जिला कहलाता है।”
चंद्रमौली मिश्रा और लालमुनी चौबे को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी अपने भाषण के दौरान भावुक भी हुए। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक बार भभुआ के पूर्व विधायक चंद्रमौली मिश्रा को फोन किया था, लेकिन मिश्रा जी ने ही उन्हें आशीर्वाद दिया। मोदी ने कहा, “भाजपा के उत्थान में स्वर्गीय लालमुनी चौबे और चंद्रमौली मिश्रा का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने संगठन को मजबूत नींव दी।”
मोदी की अपील : बिहार को फिर पीछे मत जाने देना
सभा के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से अपील की — “बिहार के लोगों ने पहले चरण में ही ‘ईडी गठबंधन’ का भ्रम तोड़ दिया है। आने वाले चरणों में आप सभी को विकास, रोजगार और सुरक्षा के लिए मतदान करना है। बिहार को फिर से जंगलराज में मत जाने देना।”
पहले चरण के मतदान के बाद महागठबंधन का भ्रम टूटा, एनडीए के पक्ष में हुआ मतदान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

































