न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 3 में सोमवार को दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक निजी तालाब में स्थानीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन कुमार (21 वर्ष) पिता उपेंद्र साह, निवासी वार्ड संख्या 3 के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, छठ पूजा को लेकर तालाब पर घाट निर्माण का कार्य चल रहा था। उसी दौरान चंदन भी वहां पहुंचा और स्नान करने लगा। स्नान के क्रम में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया। बताया जाता है कि चंदन मंदबुद्धि था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में उसे तालाब से बाहर निकाला और तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर ले जाने लगे, लेकिन कुछ लोगों के उकसाने पर शव को लेकर एनएच 106 पर करजाइन रोड स्थित रामचंद्र चौधरी के घर के पास सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों का आरोप था कि तालाब पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सड़क जाम की सूचना मिलने पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करवाया। लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया।
































