छठ की खुशियां मातम में बदलीं: गंगा में डूबे चार मासूम, गांव में मचा कोहराम

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
छठ पूजा की तैयारियों के बीच भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गाँव स्थित गंगा नदी में सुबह चार बच्चों की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। छठ की खुशियाँ मातम में बदल गईं, हर तरफ सिर्फ चीख-पुकार गूंजने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह चार बच्चे नदी किनारे स्नान करने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन बच्चे भी डूब गए। देखते ही देखते चारों बच्चे लहरों में समा गए। ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत इस्माइलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छट्ठू सिंह टोला निवासी नंदन कुमार (10 वर्ष), नवटोलिया निवासी मिथलेश कुमार का पुत्र प्रिंस कुमार (10 वर्ष) सहित दो अन्य बच्चों के रूप में हुई है। सभी एक ही टोले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय निवासी कैलाश मंडल ने बताया कि “छठ घाट की तैयारी के दौरान बच्चे वहाँ खेलते-खेलते नहाने लगे और अचानक यह हादसा हो गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक सभी बच्चे पानी में समा गए।”
घटना के बाद पूरे नवटोलिया और आसपास के गाँव में मातम पसरा है। घर-घर से रोने की आवाजें उठ रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
छठ पूजा की उमंग पर दुख का साया
हर साल की तरह इस बार भी गाँव में छठ घाट की सजावट और तैयारी चल रही थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। लोगों का कहना है कि इस त्रासदी को गाँव वर्षों तक नहीं भूल पाएगा।