बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर नगर पुलिस उपाधीक्षक ने किया SST चेकिंग पॉइंट का निरीक्षण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पुलिस उपाधीक्षक, भागलपुर के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थापित SST (स्पेशल सर्विलांस टीम) चेकिंग पॉइंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने चेकिंग स्थल पर तैनात पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध शराब, नगदी, हथियार तथा अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चेकिंग के दौरान आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आचार संहिता उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना क्षेत्र के प्रभारी व SST टीम के सदस्य उपस्थित रहे।