न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार के मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान छठ घाटों पर कार्बाईड गन एवं अन्य अवैध पटाखों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
मुख्य सचिव के पत्र में कहा गया है कि लोहा, स्टील और पीवीसी पाइप में विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि वाले अवैध पटाखे (कार्बाईड गन) का निर्माण और बिक्री की घटनाएँ सामने आ रही हैं। इन पटाखों से छोटे बच्चों की आँखों की रोशनी जाने और कुछ मामलों में चेहरों के झुलसने की घटनाएँ भी हुई हैं। इसके अलावा, इनसे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अवैध रूप से निर्मित पटाखों के भंडारण, बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए और जनता को इनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से घाटों पर कार्बाईड गन सहित अन्य पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर रोक रहेगी।































