न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर झंडापुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो युवक हथियार लहराते हुए नजर आ रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने जांच का जिम्मा झंडापुर थानाध्यक्ष को सौंपा। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे दोनों युवकों की पहचान दीपक रविदास पिता पंजाबी रविदास और बंटी पासवान पिता सदानंद पासवान, दोनों निवासी जयरामपुर, थाना झंडापुर, जिला भागलपुर के रूप में की गई। जांच में यह वीडियो वर्ष 2024 का पाया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापामारी अभियान चलाया और वीडियो में दिख रहे आरोपी दीपक कुमार उर्फ दीपक रविदास को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी हथियार बरामद हुआ। इस संबंध में झंडापुर थाना कांड संख्या-144/25, दिनांक 24.10.25 दर्ज की गई है। आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी) ए/25 (9)/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी दीपक रविदास का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में बिहपुर थाना कांड संख्या 430/22 (धारा 392 भा.दं.वि.), बिहपुर थाना कांड संख्या 489/21 (धारा 341/323/324/379/504/506/34 भा.दं.वि.) तथा घनकुंड थाना (बांका) कांड संख्या 81/24 (धारा 30(ए) मद्य निषेध अधिनियम) के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध हथियार रखना या उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। ऐसे कृत्यों से दूर रहें और समाज में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
































