वोटर लिस्ट से नाम गायब? अब और लापरवाही नहीं चलेगी – परिधि ने छेड़ा बड़ा अभियान

  • इस्लामनगर और मिल्लत नगर झुग्गी झोपड़ी में परिधि ने वोटर पुनरीक्षण जागरूकता अभियान चलाया

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर

इस्लामनगर और मिल्लत नगर झुग्गी झोपड़ी इलाके में बुधवार को परिधि संस्था द्वारा सघन वोटर पुनरीक्षण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मो. कासिम ने की।

परिधि के निदेशक उदय ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और सुधार की पहल करें। उन्होंने कहा—“संविधान ने अमीर-गरीब, महिला-पुरुष, जाति-धर्म का भेदभाव किए बिना सभी को एक वोट का अधिकार दिया है। यह वोट ही हमारे देश और समाज का भविष्य तय करता है।”

बैठक में चार अहम बिंदुओं पर जोर दिया गया

  1. ड्राफ्ट लिस्ट में कटे हुए सही वोटरों के नाम को दोबारा जोड़ना।
  2. जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो रही है, उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराना।
  3. जिनका नाम पहले वोटर लिस्ट में था लेकिन 2025 की सूची से गायब हो गया है, उन्हें पुनः जोड़ना।
  4. नाम, पिता/पति का नाम, पता आदि में आवश्यक सुधार कराना।

मतदाता जागरूकता कार्य में जुटे अभिषेक कुमार ने मोबाइल एप से नाम खोजकर लोगों को दिखाया और नए वोटर बनाने के लिए फॉर्म-6, सुधार हेतु फॉर्म-8 और एनेक्सर-डी भरने की प्रक्रिया समझाई गई।

परिधि फिलहाल नवगछिया के मक्खातकिया, बिहपुर और कोशी नदी से विस्थापित गोविंदपुर सहित कई इलाकों में लगातार वोटर जागरूकता अभियान चला रही है। इसके लिए रविन्द्र कुमार सिंह को बिहपुर क्षेत्र का कॉर्डिनेटर और अभिषेक कुमार को भागलपुर का कॉर्डिनेटर बनाया गया है।

वोटर जागरूकता की इस कड़ी में बिहपुर के बहुजन चेतना केंद्र में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण भी आयोजित हुआ, जिसमें लोक परिषद् और दलित विकास मंच की भी भागीदारी रही। इस प्रशिक्षण में लगभग 70 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मौके पर शेराजुल, मो. राजा, बीबी नसीमा, गौतम कुमार प्रीतम, नसीब दास, रोहित, विनोद कुमार सिंह, अखिलेश रमण सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।