बिहार में पुलिस की नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य में अगले दो से ढाई महीने के भीतर 26 हजार से अधिक पदों पर पुलिस बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्कूल-कॉलेजों के पास तैनात होने वाली ‘पुलिस दीदी’ को 1500 नई स्कूटी देने का भी फैसला लिया गया है। ‘द न्यूज स्कैन’ की इस रिपोर्ट में आइए जानते हैं इस बंपर बहाली का पूरा ब्योरा।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
कुल 26,574 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस महकमे में कुल 26,574 पदों पर बहाली की प्रक्रिया विभिन्न परीक्षा आयोगों के माध्यम से तेजी से चल रही है।
दारोगा (Sub-Inspector): बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के माध्यम से दारोगा के 1,799 पदों पर बहाली चल रही है। इसकी मुख्य परीक्षा 27 मई 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है।
चालक सिपाही (Driver Constable): केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के माध्यम से चालक सिपाही के 4,361 पदों पर बहाली हो रही है। इसके लिए मोटर वाहन चालक दक्षता परीक्षा 22 तारीख से शुरू होने जा रही है।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि इन सभी प्रक्रियाओं को अगले दो से ढाई महीने में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
बिहार पुलिस बल की संख्या हुई 1.21 लाख
राज्य में पुलिस बल को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। डीजीपी के मुताबिक, 22 हजार से अधिक नए सिपाहियों को नियुक्त कर जिलों में उनका योगदान कराया जा चुका है। इसके साथ ही बिहार में पुलिस बल की कुल संख्या बढ़कर 1.21 लाख हो गई है। आंकड़ों की बात करें तो पिछले महज डेढ़ साल में 50 हजार से अधिक सिपाहियों की नियुक्ति हुई है, जो राज्य के कुल पुलिस बल का 40 फीसदी है।
स्कूल-कॉलेजों की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती
बहाली के अलावा पुलिस के बुनियादी ढांचे और महिला सुरक्षा पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। स्कूल और कॉलेजों के आसपास असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की नई व्यवस्था शुरू की गई है। इनकी मोबिलिटी बढ़ाने के लिए शुक्रवार को 1,500 स्कूटी की खरीद का ऑर्डर दे दिया गया है, जिसकी आपूर्ति महज 15 दिनों के भीतर हो जाएगी। इसके अलावा, गश्ती और पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए अगले एक महीने में पुलिसकर्मियों को 3,100 नई बाइक भी मुहैया कराई जाएंगी।
































