पेंशनर संघर्ष मंच का शिष्टमंडल नए कुलपति से मिला, सेवांत लाभ और बकाया भुगतान पर हुई चर्चा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवांत लाभ एवं अन्य प्रकार के बकायों के त्वरित भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर संघर्ष मंच का शिष्टमंडल शनिवार को नवपदस्थापित कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा से औपचारिक भेंट करने पहुंचा।

मंच के संयोजक पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में शिष्टमंडल में अमरेंद्र कुमार झा, नवल किशोर कुमार, किशन कालजयी और आशुतोष राजेश शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा के लिए कुलपति से अलग समय निर्धारित करने का आग्रह किया।

इस पर कुलपति ने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा और इसके लिए अलग से मिलने की आवश्यकता नहीं होगी।

संयोजक पवन कुमार सिंह ने बताया कि भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के पेंशनरों से जानकारी मिली है कि वहां प्रो. झा ने पेंशनरों की सभी समस्याओं का निपटारा कर दिया था। इसलिए भागलपुर विश्वविद्यालय के पेंशनरों को भी उम्मीद है कि उनके अच्छे दिन जल्द आने वाले हैं।