गोवा में 16 अगस्त को होगा एविडेंस बेस्ड होम्योपैथी रिसर्च समिट, सीएम प्रमोद सावंत करेंगे उद्घाटन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
गोवा के प्रतिष्ठित JW Marriott Resort में 16 अगस्त 2025 को देश भर के शीर्ष होम्योपैथी विशेषज्ञ एक ऐतिहासिक मंच पर जुटेंगे। ‘गोवा होम्योपैथी रिसर्च समिट’ का यह आयोजन ‘एविडेंस-बेस्ड रिसर्च’ पर केंद्रित होगा। इसमें होम्योपैथी के पारंपरिक ज्ञान, आधुनिक विज्ञान और प्रमाणित शोध का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का आयोजन बर्नेट होम्योपैथी प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से किया जा रहा है। यह जानकारी कंपनी के एमडी डॉ. नीतीश चंद्र दुबे ने दी।

इस समिट का उद्घाटन गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के हाथों होगा। कार्यक्रम में खगड़िया के सांसद और लोजपा के वरिष्ठ नेता राजेश वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। डॉ. दुबे के मुताबिक यह केवल एक वैज्ञानिक सम्मेलन नहीं, बल्कि भारतीय होम्योपैथी के वैश्विक पुनर्जागरण और वैज्ञानिक प्रतिष्ठा की फिर से बहाली का एक शुभ अवसर है। जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया है।

ज्ञात हो कि कंपनी के एमडी डॉ. नीतीश दुबे की यात्रा बिहार के मुंगेर के एक सामान्य से गांव कल्याणपुर से शुरू हुई है। होम्योपैथी को वे आध्यात्म और विज्ञान का संगम मानते हैं। होम्योपैथी को दुनिया भर में गति और ऊंचाई देने के लिए डॉ. दुबे सदैव प्रयत्नशील रहते हैं। दुबई और जर्मनी में वे तीन बार वर्ल्ड होम्योपैथी समिट कर चुके हैं। अगला वर्ल्ड होम्योपैथी समिट लंदन में होना तय हुआ है। पिछले सप्ताह ही इसका पोस्टर भी लंदन से ही रिलीज किया गया है।