- भागलपुर में दोस्ती की मिसाल: जान देकर बचाई तीन जिंदगियां
रविंद्र कुमार शर्मा, भागलपुर
सावन की तीसरी सोमवारी पर गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर राजदीप कुमार की डूबने से मौत हो गई। राजदीप ने बहादुरी दिखाते हुए अपने तीन दोस्तों की जान तो बचा ली, लेकिन खुद गहरे पानी में बह गया। यह घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दारापुर दियारा घाट की है।
मृतक की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी मनोज साह के पुत्र राजदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह करीब 7 बजे की है, जब पांच दोस्त गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे।
गंगा की लहरों से टकराया राजदीप, तेज धार में बह गया
स्नान के दौरान दो युवतियां और एक लड़का गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी बीच राजदीप ने साहस दिखाते हुए डूबते दोस्तों को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गंगा की तेज धार में बह गया। स्थानीय लोगों ने नाविकों को सूचना दी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नाविक टीम ने शव को बाहर निकाला।
परिवार का सबसे छोटा चिराग बुझ गया
मृतक के भाई अमरदीप ने बताया कि डूबने वाले दोस्तों में दीपक, साधना कुमारी, सूजल कुमार और एक अन्य युवती शामिल थी। राजदीप ने सभी को बचा लिया, लेकिन खुद नहीं बच सका। वह दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
हादसे के बाद राजदीप के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही नाथनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और लिखित रूप से आवेदन देकर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

































