रविंद्र कुमार शर्मा, भागलपुर
इशाकचक थाना क्षेत्र अंतर्गत 12 नंबर गुमटी लालूचक मोहल्ले में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारात में डीजे पर डांस के दौरान पहले मामूली कहासुनी हुई, जो कुछ समय बाद शांत हो गई। लेकिन सुबह होते-होते मामला फिर से गरमाया और देखते ही देखते बात हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई।
घटना को लेकर एक पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी वाले घर से 10–15 लोगों की भीड़ ने अचानक उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में एक बाप-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक वृद्ध महिला की कमर टूटने की भी सूचना है।
घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं – जिनमें से तीन एक पक्ष से और दो दूसरे पक्ष से हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही इशाकचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बयान दर्ज करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक दूसरे पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

मोहम्मद अफसर – पहला पक्ष
“हम लोग सो रहे थे तभी अचानक 10–15 लोग घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी… मेरे पिताजी और भाई को बुरी तरह मारा गया।”

मोहम्मद बबलू – दूसरा पक्ष
“झगड़ा डीजे पर डांस को लेकर हुआ था, लेकिन हम पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है… सच्चाई तो पुलिस जांच से सामने आएगी।”
पुलिस फिलहाल मामले की गहन छानबीन कर रही है और दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की जा रही है।

































