भागलपुर की बेटियों ने 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में लहराया परचम, जीते स्वर्ण और कांस्य पदक


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर की धरती एक बार फिर गौरव से ऊंची हो गई है, जहां की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का परचम लहराया है। कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित 9वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में भागलपुर की दो बेटियों — रुद्राणी रानी और इक़ुरा क़मर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

स्वर्ण पदक विजेता – रुद्राणी रानी

रुद्राणी रानी, उम्र 14 वर्ष, इंटर लेवल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने 42 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ भागलपुर बल्कि पूरे बिहार और देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

कांस्य पदक विजेता – इक़ुरा क़मर

इक़ुरा क़मर ने भी कांस्य पदक जीतकर अपनी काबिलियत साबित की। दोनों ही खिलाड़ी भागलपुर अकैडमी ऑफ कराटे एंड जूडो क्लब से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

जिला कराटे संघ के अध्यक्ष शिहान मो. मसीउल ओला ने बताया कि यह दोनों बालिकाएं पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुई थीं और अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कमाल कर दिखाया।

उनकी इस कामयाबी पर जिला कराटे संघ के महासचिव मनीष कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष बाल्मीकि कुमार, स्कूल की प्रिंसिपल डा. जिनत प्रवीन, नाथनगर विधायक अशरफ सिद्दीकी, एवं कई मीडियाकर्मियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।