बांका में पिकअप पलटी, एक मजदूर की मौत, चार गंभीर रूप से घायल


न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका

जिले के अमरपुर-शाहकुंड मुख्य सड़क पर शुक्रवार-शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। चिरैया से शाहकुंड जा रही एक पिकअप वाहन चिरैया मोड़ से कुछ दूर असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा देर रात लगभग 1:30 बजे हुआ। घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी और घायल छोटू ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को साइड देने की कोशिश में पिकअप पलट गई। पलटने के बाद अरुण यादव, कुंदन कुमार, छोटू, रामविलास पासवान और छोटू तांती वाहन के नीचे दब गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला और आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर रतन रोशन ने छोटू तांती (पिता – योगेंद्र तांती) को मृत घोषित कर दिया। कुंदन कुमार और छोटू की हालत गंभीर देख उन्हें भागलपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। जांच में पता चला कि दुर्घटनास्थल शाहकुंड थाना क्षेत्र में आता है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शाहकुंड पुलिस द्वारा की जा रही है।