मार्केट करने निकले युवक की संदिग्ध हालात में मौत: इंडियन गैस एजेंसी के सामने बगीचे से मिला शव, सड़क दुर्घटना की आशंका

  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, कैमूर
कैमूर जिले के नुआंव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर से मार्केट करने के लिए निकले एक युवक का शव नुआंव बाजार स्थित इंडियन गैस एजेंसी के सामने सड़क के उस पार बगीचे से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नुआंव थाना क्षेत्र के कारीराम गांव निवासी उमा शंकर सिंह के पुत्र श्रवण कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है।
देर रात तक घर नहीं लौटा युवक
परिजनों के अनुसार श्रवण कुमार सिंह बीते दिन शाम को नुआंव बाजार मार्केट करने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
अगली सुबह सूचना मिली कि नुआंव बाजार के पास एक युवक का शव मिला है। इसके बाद परिजन थाना पहुंचे, जहां शव की पहचान श्रवण कुमार सिंह के रूप में की गई।
सिर पर चोट के निशान, दुर्घटना की आशंका
भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के ममेरे भाई सुमित यादव ने बताया कि शव के सिर पर खून लगा हुआ था, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने मांग की कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करे कि मौत दुर्घटना से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में नुआंव थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार सुबह इंडियन गैस एजेंसी के सामने बगीचे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। बाद में परिजनों के पहुंचने पर उसकी पहचान कारीराम गांव निवासी श्रवण कुमार सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
थानाध्यक्ष के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।