न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
पूर्णिया जिले के केहाट थाना क्षेत्र के यूरोपियन कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों में जदयू नेता निरंजन कुशवाहा के बड़े भाई नवीन कुशवाहा (52), उनकी पत्नी कंचन माला सिंह (48) और बेटी तनु प्रिया (23) शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हलचल
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर, के.हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार, सहायक थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार, रेणु टीओपी प्रभारी राजनंदनी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर गैलेक्सी अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी है।
घटना की खबर मिलते ही सांसद पप्पू यादव, मंत्री लेशी सिंह, सदर विधायक विजय खेमका और मेयर पति जितेंद्र यादव सहित कई प्रमुख नेता अस्पताल पहुँचे।
घटना के कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पप्पू यादव ने जताई आशंका , कहा — “तीनों मौतें स्वाभाविक नहीं”
अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि
“पहली नज़र में यह मामला संदिग्ध लग रहा है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक मौत स्वाभाविक नहीं हो सकती।
न गोली चलने का मामला है, न ज़हर देने का, न आत्महत्या का कोई संकेत।
इसकी हाई-लेवल जांच होनी चाहिए।”
नवीन कुशवाहा का राजनीतिक सफर-
मृतक नवीन कुशवाहा 2009 में बसपा से लोकसभा चुनाव और 2010 में रालोसपा से धमदाहा विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे।
वे स्थानीय स्तर पर सक्रिय राजनेता माने जाते थे।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए
फॉरेंसिक टीम और डॉक्टरों की रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है।
पूर्णिया में जदयू नेता के घर तीन लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी

































