भभुआ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारी तेज़, प्रशासन और भाजपा जुटे मैदान में

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवम्बर को कैमूर जिले के भभुआ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर जिले में तैयारियाँ जोरों पर हैं। प्रशासन से लेकर भाजपा कार्यकर्ता तक हर स्तर पर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एसडीएम अमित कुमार, एसडीपीओ मनोरंजन भारती, सीओ पुरुषोत्तम कुमार और पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता समेत कई अधिकारी भभुआ-भगवानपुर पथ स्थित भैरोपुर हेलीपैड स्थल पर पहुँचे। टीम ने हेलीपैड निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर के लिए भैरोपुर में विशेष हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। हेलीपैड स्थल से प्रधानमंत्री का काफ़िला भभुआ के पटेल कॉलेज मैदान पहुँचेगा, जहाँ वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि “प्रधानमंत्री का कार्यक्रम 7 नवम्बर को तय है, उसी को लेकर सभी कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तैयारियाँ पूरी की जा रही हैं।”

वहीं डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि “अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय से आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन भाजपा की ओर से संभावित कार्यक्रम की जानकारी दी गई है, जिसके अनुसार प्रशासनिक स्तर पर तैयारी की जा रही है।”
कॉलेज मैदान में मंच निर्माण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेराबंदी तेज़ी से हो रही है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि सुरक्षा एजेंसियाँ लगातार निरीक्षण कर रही हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की इस रैली को लेकर पूरे कैमूर जिले में राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। भाजपा के कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटा है।