परबत्ता: स्वामी सहजानंद पुस्तकालय अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता

नगर पंचायत परबत्ता के कन्हैयाचक गांव स्थित स्वामी सहजानंद पुस्तकालय को सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर प्रभारी अंचल अधिकारी शशिकांत कुमार, नगर पंचायत के जेई तथा परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। साथ ही पुस्तकालय के सभी कमरों को सील कर दिया गया।

प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों ने भवन के अंदर रखा अपना सामान स्वयं ही हटा लिया। यह कार्रवाई लोक शिकायत निवारण की द्वितीय अपील में पारित आदेश के बाद तेज हुई। 28 मार्च 2026 को हुई सुनवाई में अपीलीय प्राधिकार ने अंचल अधिकारी को अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी से समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इससे पहले 6 मार्च की सुनवाई में कार्रवाई नहीं होने पर अपीलीय प्राधिकार ने नाराजगी जताते हुए अंचल अधिकारी पर 520 रुपये का जुर्माना भी लगाया था और एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने का सख्त आदेश दिया था।

लगातार हो रही देरी से परिवादी निराश थे और उच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रहे थे।बताया जाता है कि वर्षों पहले गांव के एक भूदाता ने पुस्तकालय के लिए भूमि और भवन दान दिया था, लेकिन बाद में उनके वंशजों ने उस पर कब्जा कर लिया। अब प्रशासन की कार्रवाई और ग्रामीणों के प्रयास से यह सार्वजनिक संपत्ति अतिक्रमण मुक्त हो गई है।