निर्मली में अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार कर किया जख्मी, पुलिस मामले की जांच में जुटी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / मरौना

जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के जरौली गांव में दो बाइक सवार अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर जख्मी कर दिया। अपराधी भागने में सफल हो गया।गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की पहचान हरियाही वार्ड 5 निवासी लगभग 60 वर्षीय जगदीश ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. विजय कुमार ने बताया कि घायल के पीठ के आसपास गोली लगी है। फिलहाल प्राथमिक इलाज कर बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल की स्थिति चिंताजनक है और तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता है।
घटना की सूचना मिलते ही निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस टीम ने घायल से घटना के संबंध में पूछताछ की। जख्मी जगदीश ठाकुर ने बताया कि वह निर्मली बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वह जरौली मंदिर के पास पहुंचे, बाइक पर सवार दो अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी और आगे बढ़ते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास गश्ती बढ़ा दी गई है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और जल्द अपराधियों की गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।