एओएमएसआई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में डॉ. ऋचा अंगिक का निर्वाचन, 18 प्रत्याशियों में रहीं तीसरे स्थान पर

बिहार और झारखंड के चिकित्सा जगत के लिए यह गर्व का क्षण है कि वरिष्ठ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. ऋचा अंगिक को एओएमएसआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य चुना गया है। मुंबई में आयोजित 50वें राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान 10 सीटों के लिए हुए कड़े मुकाबले में उन्होंने 18 उम्मीदवारों के बीच तीसरा सर्वाधिक मत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। भागलपुर मेडिकल कॉलेज से जुड़ी डॉ. अंगिक की इस जीत से अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की नीतियों और निर्णयों में बिहार-झारखंड की आवाज और अधिक बुलंद होगी।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) के राष्ट्रीय चुनाव में वरिष्ठ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. ऋचा अंगिक राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उनका कार्यकाल 2026-27 के लिए होगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 10 सीटों के लिए मैदान में उतरे 18 उम्मीदवारों में डॉ. ऋचा अंगिक ने तीसरा सर्वाधिक मत हासिल किया। चुनाव परिणाम 21 नवंबर को मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एओएमएसआई के 50वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान हुए मतदान के बाद घोषित किए गए।
इस उपलब्धि के साथ एओएमएसआई की राष्ट्रीय नीति और निर्णय प्रक्रिया में बिहार एवं झारखंड का प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है। चुनाव में जीत के साथ-साथ डॉ. ऋचा अंगिक ने इस राष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ता के रूप में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और डेंटल एवं फेशियल इम्प्लांट्स विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। डॉ. ऋचा अंगिक लंबे समय से एओएमएसआई के भीतर विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करती आ रही हैं। वर्तमान में वे 2026-27 सत्र के लिए एओएमएसआई की बिहार-झारखंड राज्य इकाई (बीजेएओएमएसआई) की उपाध्यक्ष हैं। इससे पूर्व 2025-26 में उन्होंने एओएमएसआई मुख्यालय में राज्य प्रतिनिधि तथा राष्ट्रीय फिटनेस संयोजक की जिम्मेदारी संभाली। 2024-25 में वे बिहार-झारखंड इकाई की संयुक्त सचिव और 2023-24 में कार्यकारिणी सदस्य रहीं। बीते 5 और 6 सितंबर 2026 को जमशेदपुर में आयोजित एओएमएसआई की बिहार-झारखंड इकाई के वार्षिक सम्मेलन में भी उन्होंने आयोजन अध्यक्ष की अहम भूमिका निभाई थी। राज्य स्तर पर निरंतर सक्रियता के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उनका चयन बिहार और झारखंड के चिकित्सकों तथा अकादमिक हलकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


शैक्षणिक और चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. ऋचा अंगिक का अनुभव खासा समृद्ध रहा है। उन्होंने दावणगेरे स्थित बापूजी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) और वर्धा स्थित शरद पवार डेंटल कॉलेज से ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे भागलपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग में फैकल्टी सदस्य के रूप में सेवाएं दे रही हैं। इसके अतिरिक्त वे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर में क्लेफ्ट एंड क्रेनियोफेशियल सेंटर की प्रभारी भी हैं। इससे पहले वे जमशेदपुर के अवध डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्रोफेसर के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं।
एओएमएसआई के राष्ट्रीय चुनाव में अन्य प्रमुख पदों के परिणाम भी सामने आए हैं। डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी, नवी मुंबई के डीन एवं प्रोफेसर डॉ. मुकुल पाध्ये एन को आगामी अध्यक्ष (प्रेसिडेंट इलेक्ट) निर्वाचित किया गया है। वहीं, डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डेंटिस्ट्री के प्रोफेसर डॉ. गोकुल वेंकटेश्वर उपाध्यक्ष चुने गए हैं। लखनऊ के सरदार पटेल पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल एंड मेडिकल साइंसेज के प्रोफेसर डॉ. मदन मिश्रा संयुक्त संपादक निर्वाचित हुए हैं।महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी डॉ. विजयकुमार जे. गिरहे को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स (एएओएमएस) का प्रतिनिधि चुना गया है। इसके अलावा एक वर्षीय कार्यकाल वाले संयुक्त सचिव पदों के लिए भी मतदान के आधार पर पदाधिकारी चुने गए।