न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर
आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का बुधवार को विधिवत उद्घाटन हो गया। बिहार और झारखण्ड की सीमा ‘दुम्मा’ पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ इस मास व्यापी भव्य मेले का शुभारम्भ किया गया। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से 60 लाख से अधिक कांवरियों के पहुंचने की संभावना है। उद्घाटन समारोह में झारखण्ड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार और मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने पुष्पगुच्छ देकर सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

आस्था और समरसता का प्रतीक है श्रावणी मेला: मंत्री सुदिव्य कुमारसमारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह हमारी गहरी आस्था, समृद्ध संस्कृति और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत संगम है।उन्होंने देश-दुनिया से आने वाले सभी शिवभक्तों का देवघर की पावन धरती पर स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई चाक-चौबंद व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंत्री ने कांवरियों से अपील की कि वे पूरी तरह से सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से बाबा वैद्यनाथ का जलार्पण करें।समारोह में इन माननीयों की रही गरिमामयी उपस्थितिदुम्मा में आयोजित इस भव्य उद्घाटन समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ़ चुन्ना सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चटर्जी, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी और मंत्री हफीजुल हसन के प्रतिनिधि सह झामुमो जिलाध्यक्ष संजय शर्मा मुख्य रूप से शामिल थे।

प्रशासनिक अमला भी रहा मुस्तैदमेले के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक महकमा भी पूरी तरह से मुस्तैद दिखा। उद्घाटन के अवसर पर देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के अलावा देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, बाबा मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, उपविकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और जिला 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही देवघर में ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजने लगे हैं और पूरा शहर शिवमय हो गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के लिए सभी पुख्ता इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
































