बिहार का सबसे बड़ा महादीपोत्सव: डॉ. नीतीश दुबे की अगुवाई में जले 11 लाख दीये, CM सम्राट चौधरी और सांसद राजेश वर्मा ने मंच से की जमकर तारीफ

बिहार के मुंगेर जिले का कल्याणपुर गांव दीपावली की पूर्व संध्या पर एक ऐतिहासिक ‘महादीपोत्सव’ का गवाह बना। प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे के नेतृत्व में 11 लाख 11 हजार 111 दीये जलाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया, वहीं खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। सीएम ने जहां मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव और 2030 तक मजदूरों का पलायन रोकने का बड़ा ऐलान किया, वहीं सांसद राजेश वर्मा ने मंच से कल्याणपुर की भव्यता और डॉ. नीतीश दुबे के प्रयासों की जमकर सराहना की।

डॉ. नीतीश दुबे के विजन से रचा गया नया इतिहास
बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में यूथ क्लब की ओर से ‘एक दीया मां के नाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य सूत्रधार डॉ. नीतीश चंद्र दुबे रहे। उनकी परिकल्पना के तहत पूरे गांव में 11 लाख 11 हजार 111 दीये जलाए गए, जिसके लिए 40 हजार लीटर से अधिक तिल का तेल और 45 क्विंटल घी का उपयोग किया गया। मुंगेर और आसपास के जिलों के कुम्हारों से विशेष रूप से दीये बनवाए गए थे। गंगा घाटों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया और गंगा महाआरती के साथ भव्य आतिशबाजी ने सबका मन मोह लिया।

सीएम के बड़े ऐलान: 2 महीने में मरीन ड्राइव और 2030 तक रुकेगा पलायन
महादीपोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में विकास की बड़ी रूपरेखा रखी। सीएम ने कहा कि बाढ़ के कारण बाधित हुआ मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य अगले दो महीने के अंदर फिर से शुरू हो जाएगा। उन्होंने राज्य के युवाओं को भरोसा दिलाया कि 2030 के बाद बिहार के मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। राज्य में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। गंगा में गाद जमने की समस्या पर उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस पर विस्तार से बात हुई है। पहले गंगा से गाद निकाली जाएगी और फिर बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।

कल्याणपुर की भव्यता के मुरीद हुए सांसद राजेश वर्मा
मुख्यमंत्री के बाद कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र खगड़िया के लोजपा सांसद राजेश वर्मा का संबोधन रहा। मंच से अपने भाषण में राजेश वर्मा ने इस अलौकिक आयोजन के लिए डॉ. नीतीश दुबे को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कल्याणपुर की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. दुबे के नेतृत्व में यह क्षेत्र अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। सांसद ने कहा कि जिस भव्य तरीके से यहां आयोजन होते हैं, वह पूरे बिहार के लिए एक मिसाल है। कल्याणपुर अब सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि ऐसे खास और ऐतिहासिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन गया है।

गार्ड ऑफ ऑनर और मां के दरबार में हाजिरी
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कल्याणपुर रेलवे स्टेशन मैदान में बने हेलीपैड पर उतरा, जहां प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, डीएम निखिल धनराज, एसपी सैयद इमरान मसूद और मुंगेर विधायक कुमार प्रणय ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सीएम ने सबसे पहले बड़ी दुर्गा मंदिर पहुंचकर मां का आशीर्वाद लिया। यूथ क्लब के कार्यकर्ताओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। करीब 45 मिनट तक चले इस कार्यक्रम के मंच पर सीएम और सांसद राजेश वर्मा के अलावा मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, एमएलसी एनके यादव और बांका के बेलहर विधायक मनोज यादव सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।