भागलपुर में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण मनाने को लेकर प्रशासन का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले में शारदीय दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदयकांत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में कई डीएसपी, रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने बताया कि शहर के सभी मंदिरों और पूजा पंडालों में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
सार्वजनिक सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष बदलाव किए गए हैं ताकि पर्व के दौरान लोगों को कोई असुविधा न हो।
विसर्जन के समय भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। एसएसपी हृदयकांत ने बताया कि इस बार विसर्जन मार्गों पर ड्रोन निगरानी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियंत्रित स्थिति से बचा जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं और किसी भी तरह के विवाद या अव्यवस्था में न फंसे।