किस्त जमा होने के बावजूद फाइनेंस कर्मियों पर बीच सड़क मारपीट का आरोप, थाने के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा, मामला दर्ज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले में फाइनेंस कंपनी के कर्मियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। किश्त समय पर जमा होने के बावजूद जबरन पैसे की मांग और बीच सड़क मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित युवक ने भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना थाने के पास हुई, जिससे कुछ देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा की स्थिति बनी रही।
पीड़ित की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के भेलमा गांव निवासी शुभम कुमार सिंह के रूप में हुई है। शुभम ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हनुमत एजेंसी, भगवानपुर से एक बाइक फाइनेंस कराई थी, जिसकी कुल 24 किश्तें निर्धारित हैं। वह अब तक समय-समय पर किश्त जमा करते आ रहे हैं और वर्तमान माह की किश्त की रसीद भी उनके पास मौजूद है।
आरोप है कि निजी काम से बाहर जाने के दौरान भभुआ के पास मनोज तिवारी (ग्राम उधाव, थाना चेनारी, जिला रोहतास), अशोक पांडेय (ग्राम तिरोजपुर, थाना दुर्गावती) समेत अन्य लोग उनसे जबरन पैसे की मांग करने लगे। फाइनेंस कर्मियों ने यह कहते हुए दबाव बनाया कि किश्त फेल है। पीड़ित द्वारा रसीद दिखाने के बावजूद उनकी बात नहीं मानी गई।
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मौजूद राकेश गुप्ता सहित उनके साथ मारपीट की। घटना में प्रयुक्त वाहन का नंबर BR 45 2901 बताया गया है।
इस मामले में भभुआ थाना में कांड संख्या 105/26, दिनांक 04 फरवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पीड़ित शुभम कुमार सिंह ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।