कैमूर डीएम के नाम से बना फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, जिला प्रशासन ने की अपील – सतर्क रहें, सावधान रहें

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के बीच कैमूर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला अधिकारी सुनील कुमार के नाम से असामाजिक तत्वों ने एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की है।
जानकारी के मुताबिक, मोबाइल नंबर 84343805918 से एक व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर उसमें कैमूर डीएम सुनील कुमार की फोटो डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) के रूप में लगाई गई है। इस अकाउंट से लगातार भ्रामक और संदिग्ध संदेश भेजे जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिलावासियों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदेश पर विश्वास न करें, न ही किसी प्रकार की जानकारी साझा करें। प्रशासन ने साफ कहा है कि यह अकाउंट पूरी तरह फर्जी है और इसका जिला अधिकारी या उनके कार्यालय से कोई संबंध नहीं है।
जिला प्रशासन की अपील
“सभी नागरिकों को सूचित किया जाता है कि जिला पदाधिकारी महोदय के नाम से एक फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाया गया है, जिसके माध्यम से कुछ असामाजिक तत्व लोगों को भ्रमित करने हेतु संदेश भेज रहे हैं।
कृपया ऐसे किसी भी संदेश पर विश्वास न करें।
किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी साझा न करें।
यदि ऐसा कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन या पुलिस विभाग को दें।
यह स्पष्ट किया जाता है कि जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा केवल आधिकारिक माध्यमों से ही संचार किया जाता है।