गणतंत्र दिवस पर भाकपा–माले ने फहराया तिरंगा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

  • संविधान व लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प, कहा—गणतंत्र में गण पहले, तंत्र बाद में

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाकपा–माले एवं ऐक्टू की ओर से स्थानीय सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा परंपरागत सम्मान के साथ फहराया गया। इस अवसर पर शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा–माले के नगर प्रभारी एवं ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता, समानता, भाईचारे तथा समाजवादी–गणतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प को दोहराने का दिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दस–ग्यारह वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने साम्प्रदायिक, सामंती ताकतों और कॉरपोरेट हितों को साधने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया है, जिससे संविधान और लोकतंत्र को गंभीर क्षति पहुँची है।
उन्होंने कहा कि जनअधिकारों पर हमले तेज़ी से बढ़े हैं। दलितों, वंचितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने में सरकारें विफल रही हैं, बल्कि कई मामलों में ऐसे अपराधों को संरक्षण भी दिया जा रहा है। आम मेहनतकश नागरिकों का जीवन संकट में डाल दिया गया है।
उन्होंने कहा, “गणतंत्र में गण पहले है और तंत्र बाद में, लोकतंत्र में लोक पहले है और तंत्र बाद में आता है। शासक वर्ग यह भूल न जाए—भाकपा–माले भूलने नहीं देगी।”
मुकेश मुक्त ने कहा कि सहस्रों कुर्बानियों से हासिल आज़ादी और संविधान की रक्षा की लड़ाई पार्टी निरंतर लड़ती रहेगी। उन्होंने आज़ादी आंदोलन की क्रांतिकारी विरासत को बुलंद करते हुए व्यापक एकता बनाने और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में भागीदार बनने का आह्वान किया।
झंडोत्तोलन भाकपा–माले के नगर सचिव एवं ऐक्टू के जिला उपाध्यक्ष विष्णु कुमार मंडल ने किया। कार्यक्रम में ऐक्टू के जिला उपाध्यक्ष मनोज कृष्ण सहाय, तिलकामांझी ब्रांच सचिव अमर कुमार, नगर कमिटी सदस्य सुभाष कुमार, अमित गुप्ता, पूनम देवी, मो. मुमताज, लूटन तांती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।