प्रमोद कुमार, कैमूर
जिले की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने हलचल मचा दी है। बीएसपी ने जिले की चारों विधानसभा सीटों से अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
भभुआ से विकास उर्फ लल्लू पटेल, मोहनियां से ओम प्रकाश दीवाना, रामगढ़ से सतीश उर्फ पिंटू यादव और अब चैनपुर से धीरज उर्फ भान सिंह के नाम की घोषणा कर दी गई है। यह ऐलान जिला अध्यक्ष छोटे लाल राम ने किया।
गौरतलब है कि जिले में अब तक न तो एनडीए और न ही महागठबंधन ने अपने प्रत्याशियों का पत्ता खोला है। ऐसे में बीएसपी की पहल ने राजनीतिक समीकरणों में खलबली मचा दी है। चर्चा है कि यह कदम एनडीए और महागठबंधन दोनों का खेल बिगाड़ सकता है।
हालांकि बीएसपी की घोषणा पर सवाल भी उठ रहे हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष ने स्वयं माना कि शीर्ष नेतृत्व से कोई औपचारिक पत्र जारी नहीं हुआ है, सिर्फ फोन पर निर्देश मिला। राजनीतिक गलियारों में अटकलें लग रही हैं कि नामांकन के समय उम्मीदवार बदले भी जा सकते हैं।
फिलहाल, बीएसपी के घोषित प्रत्याशी जनसंपर्क में जुट गए हैं और जिले में सियासी सरगर्मी चरम पर है।

































