- बाइक चालक गंभीर रूप से घायल भागलपुर रेफर, ट्रक जब्त; परिजनों में कोहराम
न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
जिला के रजौन थाना क्षेत्र के पुनसिया चौक स्थित मध्य विद्यालय के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बौसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन कांवरियों को रौंद दिया। इस घटना में दो नवविवाहिता महिला डाक कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत मोतिया ओपी क्षेत्र के मोतिया गांव निवासी पीयूष मांझी की 28 वर्षीय पत्नी राधा देवी एवं सोनू मांझी की 25 वर्षीय पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं अपने रिश्तेदार रतन मंडल के साथ बाइक से बासुकीनाथ जलाभिषेक करने के लिए जा रही थीं। वे पहले भागलपुर गंगा घाट से गंगाजल भरने जा रही थीं और वहां से जल लेकर अंतिम सोमवारी पर बासुकीनाथ मंदिर पैदल रवाना होने वाली थीं।
इसी दौरान पुनसिया बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों महिलाओं का सिर ट्रक के चक्के के नीचे चला गया और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चालक रतन मंडल दूसरे साइड में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस गाड़ी की मदद से घायल को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन बेसुध होकर रोने लगे। कुछ लोग बांका पोस्टमार्टम हाउस और मायागंज अस्पताल भी पहुंचे।
गौरतलब है कि श्रावणी मेला को देखते हुए प्रशासन द्वारा शनिवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक लापरवाही के चलते ट्रक की आवाजाही जारी रही, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

































