तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, अस्पताल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर

तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। घटना, लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित चौक दुर्गा मंदिर के समीप की है। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक ट्रक के नीचे घुस गई, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घायल युवक के बारे में बताया जा रहा है कि वह एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। घायल की पहचान कहलगांव निवासी उत्सव कुमार के तौर पर हुई है। बाइक से वह ड्यूटी के लिए अस्पताल जा रहे थे, तभी दुर्गा मंदिर के समीप जीरो माइल की तरफ से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई। हालांकि बाइक सवार युवक पर ट्रक का पहिया नहीं चढ़ा, जिससे उसकी जान बच गई।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही लोदीपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक व बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद से बाईपास पर एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, बाइक पर सवार दूसरे युवक ने बताया कि वे तिलकामांझी की तरफ से ड्यूटी के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष घनश्याम ने बताया कि एक घायल है दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया है।