- व्यवसायिक क्षेत्रों में बढ़ी चोरी–डकैती की घटनाओं को लेकर ‘बहादुर रात्रि प्रहरी दल’ सक्रिय, सुरक्षा हेतु जारी किया विशेष आवेदन
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शहर के विभिन्न बाजारों और व्यवसायिक इलाकों में हाल के दिनों में चोरी व डकैती की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘बहादुर रात्रि प्रहरी दल’ की ओर से क्षेत्र के दुकानदारों और निवासियों को सुरक्षा को लेकर विशेष आवेदन जारी किया गया है।
जारी आवेदन में बताया गया है कि बिहार के कई शहरों और गांवों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि के बाद भागलपुर के व्यवसायिक एवं सामान्य इलाकों की सुरक्षा के लिए नेपाली बहादुर युवक चौकीदारी के कार्य में लगाए जा रहे हैं। दल की ओर से कहा गया है कि वे नेपाल के गरीब तबके से आते हैं और रोज़ी–रोटी की तलाश में भारत के विभिन्न जिलों में सरकारी व प्राइवेट सुरक्षा कार्य करते रहे हैं। अब स्थानीय लोगों से बातचीत और थाना से अनुमति लेकर भागलपुर में भी रात्रि गश्ती चालू की जा रही है।
दल की ओर से बताया गया है कि वरिष्ठ दुकानदारों से साप्ताहिक 50 रुपये तथा छोटे दुकानदारों से प्रतिदिन 5 रुपये के मानदेय पर रात्रि चौकीदारी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
चौकीदारी की समय-सारणी
रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक
चौकीदार सीटी बजाकर गश्त करेंगे और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आवेदन पर सेक्रेटरी, बहादुर दल, बहादुर रात्रि प्रहरी दल, भागलपुर, बिहार के हस्ताक्षर हैं।
इस पहल के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर उम्मीद जगी है कि रात्रि गश्ती से चोरी व आपराधिक घटनाओं पर रोक लगेगी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।


































