भभुआ सीट: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी विकास उर्फ बब्लू तिवारी को एआईएमआईएम और भीम आर्मी का समर्थन

प्रमोद कुमार, कैमूर
भभुआ विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रत्याशी विकास उर्फ बब्लू तिवारी को आज ओबीसी समुदाय की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आज़ाद रावण की पार्टी भीम आर्मी का समर्थन प्राप्त हुआ।
आज भभुआ में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में दोनों दलों के कैमूर जिला अध्यक्ष मौजूद रहे और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी विकास उर्फ बब्लू तिवारी को खुलकर समर्थन दिया।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने इस सीट से विकास उर्फ बब्लू तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। पार्टी को अब एआईएमआईएम और भीम आर्मी का समर्थन मिलने से चुनावी मोर्चा और मजबूत हो गया है।
एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ खान ने बताया, “हमारी पार्टी ने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को भभुआ सीट पर समर्थन देने का निर्णय लिया है। सभी कार्यकर्ता विकास उर्फ बब्लू तिवारी के समर्थन में जुटेंगे और उन्हें विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।”
वहीं भीम आर्मी के इंजीनियर राम बाबू ने कहा, “पार्टी नेतृत्व ने भभुआ सीट पर विकास उर्फ बब्लू तिवारी को समर्थन देने का निर्देश दिया है। हमारा प्रयास है कि उन्हें जीत दिलाकर जनता के विकास में योगदान मिल सके।”
भभुआ सीट से चुनाव लड़ रहे विकास उर्फ बब्लू तिवारी ने कहा, “अब दो प्रमुख पार्टियों का समर्थन मिलने से हमारी चुनावी संभावनाएं और मजबूत हुई हैं। हम भभुआ सीट से जीतकर जनता के समग्र विकास के लिए काम करेंगे।”