न्यूज स्कैन ब्यूरो। बांका
अमरपुर प्रखंड के शोभानपुर पंचायत स्थित शोभानपुर गांव में एक वृद्ध की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 73 वर्षीय रामविलास मंडल के रूप में की गई है। उनका शव सोमवार को बेलसी बांध में तैरता हुआ पाया गया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर रामविलास मंडल घर से यह कहकर निकले थे कि वे खेत जा रहे हैं। देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। कई स्थानों पर खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार को दोपहर करीब 11बजे ग्रामीणों ने बेलसी बांध में एक शव को पानी में तैरते देखा। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रामविलास मंडल के रूप में की गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
रामविलास मंडल एक सरल स्वभाव के किसान थे। उनकी मौत से गांव में शोक की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। अमरपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है.

































